नोटिसों के बाद भी हिस्ट्रीशीटर ने नहीं दिया जवाब
एसडीएम उमाकांत तिवारी ने बताया कि 133(1) का नोटिस 27 दिसंबर को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती हिस्ट्रीशीटर मुनुआ को तामील कराते हुए मकान पर चस्पा करा दिया गया था। सुनवाई के लिए 30 दिसंबर की तिथि दी गई थी। नोटिस में उसे आपराधिक गतिविधियों का केंद्र बने उसके मकान को हटाने के निर्देश दिए गए थे। इस नोटिस का जवाब उसे वकील के माध्यम से देना था, लेकिन 31 दिसंबर तक हिस्ट्रीशीटर की तरफ से कोई जवाब दाखिल नहीं किया, और न ही मकान हटाया गया है।
एसडीएम व सीओ ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
एसडीएम उमाकांत तिवारी व सीओ ओमकार नाथ शर्मा ने धरनीधीरपुर नगरिया पहुंचकर हिस्ट्रीशीटर मकान का निरीक्षण किया। तीन मंजिला मकान को गिराने के लिए रुपरेखा बनाई। सूत्रों की माने तो इस मकान को अकेले जेसीबी की मदद से नहीं गिराया जा सकता है, ऐसे में इसे गिराने के लिए प्रशासन ने अन्य साधन जुटाने की तैयारी शुरू कर दी है।
मुनुआ की हिस्ट्रीशीट बढ़े छह और आपराधिक मामले
एसपी अमित कुमार आनंद ने मुनुआ यादव की हिस्ट्रीशीट जारी की थी। इसमें उस पर दर्ज 20 मुकदमे दिखाए गए थे। मुठभेड़ के बाद संगीन धाराओं में तीन मुकदमे विशुनगढ़ थाने में दर्ज किए गए। साथ ही उसकी आपराधिक हिस्ट्री खंगालने के बाद तीन अन्य मामले छिबरामऊ थाने में भी दर्ज मिले।