हरदोई जिले में आपस में लड़ रहे सांड ने सींग से उठकार एक बच्चे को फेंक दिया। परिजन बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हरियावां थाना क्षेत्र के लिलवल गांव निवासी में पिता को खोजने घर के बाहर सड़क पर निकले मासूम को आपस में लड़ रहे सांडों में से एक ने सींग से उठाकर फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल मासूम को सीएचसी टड़ियावां ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
लिलवल गांव निवासी छुटक्के वाल्मीकि सूप बनाने का काम करता है। उनकी पत्नी का चार साल पहले निधन हो गया था। परिवार में तीन बेटे हैं। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे छुटक्के चाय-पत्ती खरीदने के लिए गांव में ही दुकान पर गया था। इसी दौरान उसका दूसरे नंबर का बेटा प्रदीप (7) जाग गया। पिता को घर में न देख वह उन्हें खोजते हुए बाहर इंटरलॉकिंग सड़क पर आ गया।
सड़क पर दो सांड लड़ रहे थे। प्रदीप इन दोनों सांड़ों के बीच में फंस गया। एक सांड ने उसे सींग से उठाकर सड़क पर पटक दिया। यह देखकर आसपास के लोगों ने सांड को भगाया और प्रदीप को सीएचसी ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष बालेंद्र मिश्रा ने घटना से राजस्व विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया। सदर तहसीलदार सचिंद्र शुक्ला ने घटना की जानकारी ली। उन्होंने नियमानुसार परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिलाया।
विज्ञापन
प्रधानपति आवेश कुमार ने बताया कि गांव के छुट्टा मवेशी गोशाला में बंद हैं। बुधवार की रात कोई दो-तीन सांड गांव में छोड़ गया। इन्हीं सांडों की आपसी लड़ाई की जद में आकर प्रदीप की जान चली गई।