विस्फोटक के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
महोबा जिले में बोलेरो में तस्करी कर ले जायी जा रही भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बुधवार को कबरई थाना पुलिस ने पकड़ी है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार करके दो लाख पांच हजार रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोटक कबरई के डहर्रा गांव में हरीराम नामक शख्स तक पहुंचायी जानी थी।
वहां से यह विस्फोटक कहां पहुंचाया जाना था। इस बारे में आरोपी कुछ नहीं बता सके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विस्फोटक सामग्री की तस्करी किए जाने की सूचना लगातार मिल रही थी।
तस्करों को दबोचने के लिए कबरई थाना पुलिस को निर्देश दिए थे। बुधवार को थाना प्रभारी दीपक कुमार पांडेय और दरोगा राजेश कुमार मिश्रा ने टीम के चेकिंग के दौरान गुगौरा गांव स्थित रेलवे क्रासिंग के पास से बोलेरो में 25 बोरी अमोनियम नाइट्रेट, पांच हजार जिलेटिन एक्सप्लोसिव, पांच हजार ईडी बरामद की।
पुलिस ने बोलेरो में सवार आरोपी किदवई नगर कस्बा कबरई निवासी हरनाथ यादव, मोहम्मद नईम उर्फ शालू खान और झलकारी बाई नगर, कबरई के राज बहादुर श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के साथ से दो लाख पांच हजार रुपये बरामद किए हैं।