बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के जनपद हमीरपुर में बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा ने शहर के एक गेस्ट हाउस में सेक्टर व बूथ कमेटी की समीक्षा की। इस बीच उन्होंने पत्रकारों से कहा कि भाजपा ने बसपा प्रमुख मायावती के बंगले को शिवपाल को आवंटित कर दिया है। इससे लगता है कि शिवपाल भाजपा की गोद में बैठे हैं। सम्मेलन में कई सदस्यों ने बसपा की सदस्यता ली। होर्डिंग में एक संभावित प्रत्याशी की ओर से पार्टी प्रत्याशी घोषित कर देने पर आपत्ति दर्ज कराई गई।
शहर में रविवार बसपा सेक्टर व बूथ कमेटी के सदस्यों की मुख्य अतिथि आरएस कुशवाहा ने समीक्षा की। कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा उन्होंने जिला स्तर होने वाले कार्यों की समीक्षा की है। कार्यकर्ता गांवों में जाकर सामाजिक भाई चारा का काम करें। कहा, देश और प्रदेश में जुमलेबाजी सरकारें हैं। बेरोजगारों को रोजगार दिलाने का काम भी सरकार पूरा नहीं कर सकी है। कर्जमाफी के नाम पर सौ और दो सौ रुपये देकर किसानों को ठेंगा दिखाया गया है।
पार्टी के लोगों ने इस बार प्रयास किया है कि बैलेट पेपर से चुनाव हो
बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ईवीएम में बड़ा घोटाला है। पार्टी के लोगों ने इस बार प्रयास किया है कि बैलेट पेपर से चुनाव हो। जिससे किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके। कहा जहां कहीं भी भाजपा की सरकारें हैं, कानून व्यवस्था ध्वस्त है। जानबूझ कर दलित समाज के लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है। इस मौके पर हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि गयाचरन दिनकर, सतीशचंद्र जाटव, लालाराम अहिरवार, भूपेंद्र आर्य, बलदेव वर्मा, शिवदयाल रत्नाकर, बांदा के दिलीप कुमार सिंह, राकेश प्रधान, रामफूल निषाद, इरशाद खान, जिलाध्यक्ष अखिलेश श्रीवास, पुष्पेंद्र श्रीवास, दिनेश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
बसपा प्रदेश अध्यक्ष आरआर कुशवाहा को लोनिवि का डाक बंगला नहीं मिला। इस पर बसपा पदाधिकारी नाराज हो गए और एक गेस्ट हाउस में प्रदेश अध्यक्ष को ठहराया है। बसपा जिलाध्यक्ष अखिलेश श्रीवास ने प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम को लेकर डाक बंगला बुक कराने का आवेदन किया था। अपर जिलाधिकारी विनय प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया प्रोटोकाल में प्रभारी मंत्री को डाक बंगला सबसे पहले दिया जाता है। बसपा प्रदेश अध्यक्ष को मौदहा बांध का डाक बंगला दिया गया था। लेकिन वह लोनिवि के डाक बंगले को लेने पर अड़े थे।