फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निलंबन, बहाली और तैनाती के 'खेल' में जालौन के बीएसए राजेश कुमार शाही निलंबित

Thu, 26 Dec 2019 12:01 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, उरई (जालौन)
विज्ञापन
demo pic
विज्ञापन

जालौन के परिषदीय स्कूलों के सहायक अध्यापकों के निलंबन, फिर उनकी बहाली और तैनाती में गंभीर अनियमितता के आरोप में शासन ने जालौन के बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार शाही को निलंबित कर दिया है। शाही के खिलाफ चित्रकूट मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक को विस्तृत जांच सौंपी गई है।

विज्ञापन


जालौन जिले में 2017 से अगस्त 2019 तक विभिन्न विकास खंडों में तैनात कुल 73 प्रधानाध्यापकों और सहायक अध्यापकों को निलंबित किया गया था। 2017 में 13, 2018 में 34 और 2019 में 26 शिक्षकों को निलंबित किया गया। 73 निलंबित शिक्षकों में से 11 शिक्षकों को छोड़कर 62 शिक्षकों को समय-समय पर बहाल कर दिया गया। 

बहाल किए गए 62 शिक्षकों में से 36 शिक्षकों को बिना दंड दिए बहाल किया गया। 23 को प्रतिकूल प्रविष्टि और तीन  को अस्थायी वेतनवृद्धि रोकते हुए बहाल किया गया। शिक्षकों को दो महीने से कम समय में निलंबन से बहाल किया गया। 
विज्ञापन


2018 में 25 और 2019 में 20 अध्यापकों सहित कुल 45 अध्यापकों को बहाल करने के साथ मूल विद्यालय की जगह दूसरे स्कूल में तैनात किया गया। 24 अध्यापकों का विकासखंड ही बदल दिया गया।

शासन को मामले की शिकायत मिलने पर झांसी मंडल के सहायक शिक्षा निदेशक को प्रारंभिक जांच सौंपी गई। सहायक निदेशक ने जांच में पाया है कि बीएसए शाही ने शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए स्वयं के स्तर से नई व्यवस्था शुरू की। इसमें पहले तो शिक्षकों को निलंबित किया, फिर निलंबन को दो महीने से कम अवधि में बहाल करते हुए उनका तबादला कर दिया। 

विभाग की अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने जांच रिपोर्ट मिलने पर बीएसए शाही को निलंबित करने के निर्देश दिए। विभाग के विशेष सचिव आनंद कुमार सिंह ने शाही के निलंबन का आदेश जारी किया है। शाही को निलंबन अवधि में बेसिक शिक्षा निदेशालय लखनऊ से संबद्ध किया गया है।

उल्लेखनीय है कि निलंबित किए गए बीएसए को उनके कार्यकाल के दौरान कई बार विभाग की ओर से पुरस्कृत भी किया जा चुका है। फिलहाल उनके स्थान पर किसी की तैनाती नहीं की गई है। जिलाधिकारी डॉ मन्नान अख्तर ने बताया कि फिलहाल बीएसए का चार्ज डीआईओएस भगवत पटेल को सौंपा गया है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें