फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कलेक्ट्रेट में दलाल: खुद को बताता था बाबू…DM से हुई थी शिकायत, एडीएम-एसडीएम कोर्ट में था बोलबाला, ऐसे पकड़ा गया

Wed, 12 Mar 2025 09:55 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: सूत्रों के मुताबिक शाहिद कई वर्षों से एडीएम न्यायिक कोर्ट में बैठता था। उनके कोर्ट में चल रहे मुकदमों की पैरवी करता था। तत्कालीन पेशकार का करीबी बताया जाता है। इसके साथ एसडीएम सदर कोर्ट के भी मुकदमों की पैरवी कराता था।
विज्ञापन
दलाल से पूछताछ करते एडीएम सिटी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर में आसरा आवास दिलाने के नाम पर कई महिलाओं से 35 हजार रुपये ठगने वाला दलाल शाहिद मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर से पकड़ा गया। एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार ने पूछताछ कर उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। एक सप्ताह पहले आवास विकास नौबस्ता निवासी महिला ने जिलाधिकारी से आवास दिलाने के नाम पर पैसा वसूलने की शिकायत की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर दलाल की लगातार निगरानी की जा रही थी।

विज्ञापन

शासन ने प्राइवेट कर्मियों के सरकारी कार्यालयों में प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बाद भी कलक्ट्रेट में दलालों का बोलबाला है। पकड़ा गया दलाल खुद को एडीएम न्यायिक कोर्ट का बाबू बताता था। साथ ही एसडीएम कोर्ट के मुकदमों में भी पैरवी करता था। एक सप्ताह पहले नौबस्ता निवासी पूनम ने बताया था कि आसरा आवास योजना के तहत आवास के लिए छह माह पहले जिलाधिकारी के जनता दरबार में गुहार लगाने पहुंची थी।

महिलाओं को आवास नहीं मिला, तो जिलाधिकारी से शिकायत की
वहीं पर उनकी मुलाकात शाहिद से हुई। उसने आवास दिलाने की बात कही और इसके बदले रुपयों की मांग रखी। तीन से चार बार में करीब 35 हजार रुपये पूनम समेत कई महिलाओं से अलग-अलग ले लिए। जब छह माह बाद भी महिलाओं को आवास नहीं मिला, तो पूनम ने सोमवार को जिलाधिकारी से शिकायत की थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने शाहिद को पकड़ने के लिए एडीएम सिटी को निर्देश दिए थे। मंगलवार को शाहिद एसडीएम कोर्ट के बाहर पहुंचा था।

एडीएम सिटी ने शाहिद को जमकर फटकार लगाई
सूचना पर एडीएम सिटी ने उसे पकड़वा लिया। पूछताछ में शाहिद ने बताया कि कई वर्ष पहले उससे एडीएम जे कार्यालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 70 हजार रुपये लिए गए थे, लेकिन नौकरी नहीं मिल सकी। तब से उसका कलक्ट्रेट में आना-जाना हो गया। एडीएम सिटी ने शाहिद को जमकर फटकार लगाई। फोन कर कोतवाली पुलिस को बुलाया और उनके हवाले कर दिया।

ऐसे पकड़ में आया दलाल
सप्ताह भर पहले महिला की शिकायत पर डीएम ने एडीएम सिटी को निगरानी कर दलाल को पकड़ने के निर्देश दिए थे। इसके बाद गेट पर तैनात और परिसर में तैनात कर्मियों को इसकी निगरानी करने के लिए एडीएम ने कहा था। मंगलवार को जैसे ही वह गेट के अंदर आया, तो किसी कर्मी ने डीएम के पीए रणधीर सिंह को मैसेज कर उसके अंदर आने की जानकारी दी। रणधीर ने एडीएम सिटी को इस बाबत बताया तो वह कार्यालय से नीचे आए और दलाल को पकड़कर अपने कार्यालय ले गए।

एडीएम न्यायिक-एसडीएम कोर्ट में था बोलबाला
सूत्रों के मुताबिक शाहिद कई वर्षों से एडीएम न्यायिक कोर्ट में बैठता था। उनके कोर्ट में चल रहे मुकदमों की पैरवी करता था। तत्कालीन पेशकार का करीबी बताया जाता है। इसके साथ एसडीएम सदर कोर्ट के भी मुकदमों की पैरवी कराता था। उनको निपटाने के लिए सुविधा शुल्क भी लेता था। यही नहीं विकास भवन स्थित डूडा कार्यालय में भी आना जाना था। कर्मचारियों से मिलीभगत से योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पैसा लेता था।
विज्ञापन

जिलाधिकारी से शिकायत के बाद निगरानी की जा रही थी। पकड़ा गया युवक शाहिद कई सालों से कलक्ट्रेट में दलाली कर रहा था। शिकायत के बाद इसकी पोल खुली। कोतवाली पुलिस को बुलाकर उसे गिरफ्तार करा दिया गया है। कोई भी दलाल अब छोड़ा नहीं जाएगा।  -डॉ. राजेश कुमार, एडीएम सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें