कोतवाली में घटना की जानकारी देता दूल्हा और उसका पिता
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के कन्नौज जिले में छिबरामऊ क्षेत्र के एक गांव में बारात में बैंडबाजा न लाने पर जनातियों और बारातियों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट के साथ पथराव हो गया। लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हा और उसके पिता को बंधक बना लिया और लड़की पक्ष के लोगों ने शादी करने से इनकार कर दिया। देर शाम तक दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास चल रहे थे।
पंथरा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की बारात जनपद मैनपुरी से आई थी। रविवार की देर शाम बारात जब गांव पहुंची और उसमें बैंडबाजा न देख जनाती आए बारातियों से भिड़ गए। दोनों पक्षों में बहस होने के बाद मारपीट होने लगी। मामले ने इतना तूल पकड़ा की लड़की पक्ष के लोगों ने शादी करने से मना कर बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
किसी तरह जान बचाकर कुछ बाराती भाग निकले, जबकि दूल्हा और उसके पिता व भाई को बंधक बना लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। सोमवार को दोनों पक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। उधर, उनके रिश्तेदार आपस में समझौता कराने के प्रयास में जुटे रहे। कोतवाल संतोष कुमार व्यास ने बताया कि यदि समझौता नहीं होता है, तो दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।