गंगा बैराज कानपुर में सेल्फी प्वाइंट
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में गंगा बैराज पर मंगलवार को दोस्तों के संग मौज मस्ती करने गया अदनान (16) सेल्फी लेने के चक्कर में गंगा में डूब गया। गोताखोर बुधवार को उसका शव निकाल सके। चमनगंज के पेशकार रोड निवासी पान की दुकान चलाने वाले अब्दुल वली का बेटा अदनान इलाके के एक स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ता था।
मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे बारिश के दौरान अदनान मोहल्ले के ही दो दोस्तों के साथ गंगा बैराज स्थित अटल घाट पर गया था। घाट के तट पर खड़े होकर तीनों सेल्फी लेने लगे। तभी पैर फिसल जाने से अदनान गंगा में गिर गया। उसके दोस्तों के शोर मचाने पर कोई मदद को आगे नहीं आया।
इसके बाद भी दोनों दोस्तों ने पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी। दोनों अपने घर चले गए। पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह अदनान के परिजनों को उसके गंगा में डूबने की जानकारी मिली। बैराज चौकी प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि पांच गोताखोरों को गंगा नदी में उतारा गया।
25 मिनट की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने अदनान का शव गंगा से बाहर निकाल लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घाट पर सेल्फी लेते वक्त पैर फिसलने से अदनान गंगा में गिर गया था। दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद अदनान का शव परिजनों को सौंप दिया गया।