पनकी पॉवर प्लांट की बंद दोनों इकाइयां जल्द चालू होंगी। चार नंबर इकाई के टरबाइन के जनरेटर में खराबी होने की वजह से उसकी मरम्मत कराई जाएगी।
राज्य विद्युत उत्पादन निगम के निदेशक कार्मिक बीएस तिवारी रविवार को पनकी पॉवर प्लांट पहुंचे। प्लांट का निरीक्षण करने के बाद प्रबंधन और कर्मचारी यूनियन के नेताओं से बात की और उन्हें समस्याएं दूर करने का आश्वासन दिया।
निदेशक कार्मिक बीएस तिवारी सुबह प्लांट को देखने पहुंचे थे। कर्मचारी नेताओं ने उनका घेराव किया और इकाइयों को जल्द चालू कराने की मांग की। इसके बाद उन्होंने प्लांट का निरीक्षण किया और महाप्रबंधक से बात की। उन्होंने प्लांट के महाप्रबंधक अनुपम अग्रवाल से कहा कि मरम्मत का काम शुरू कराएं।
बजट लखनऊ से भेजा जाएगा। तीन नंबर इकाई थर्मल बैकिंग की वजह से बंद है। उसमें जो भी जरूरी मरम्मत हो करा ली जाए, जिससे कि बैंकिंग खत्म होने के बाद प्लांट चलाने में कोई दिक्कत न हो।
चार नंबर इकाई की मरम्मत कराई जाए। शाम को उन्होंने पनकी ताप विद्युत गृह की संयुक्त संघर्ष समिति के नेताओं से बात की और जल्द ही यूनिटों को चलाने का आश्वासन दिया।
उनके आश्वासन के बाद कर्मचारी नेताओं ने आंदोलन न करने की बात कही। उनसे मिलने वाले कर्मचारी नेताओं में संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष अजय द्विवेदी, कुलभूषण वर्मा, विनय सैनी, प्रवीण तिवारी, संगरतन, पंकज श्रीवास्तव, तरुण शर्मा, प्रभात कश्यप आदि मौजूद रहे।