हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन शनिवार को जिले के कई परीक्षा केंद्रों में धड़ल्ले से नकल हुई। नकल रोकने में डीआईओएस सहित जिला प्रशासन के सारे वादे हवा-हवाई साबित हुए।
इतना ही नहीं कई केंद्रों पर नकलचियों तक नकल पहुंचाने के लिए लोगों की भरमार रही। शिक्षा विभाग की खानापूर्ति के बावजूद दूसरी पाली मेें पांच नकलची सचल दलों के हत्थे चढ़ गए।
खास बात यह रही कि शनिवार को इंटरमीडिएट की हिंदी व सामान्य हिंदी के द्वितीय प्रश्न पत्र के दौरान जिंदौरा के यूएन सिंह इंटर कालेज केंद्र के पीछे से बनाई गई दराजों से नकल की सप्लाई होती रही। वहीं परीक्षार्थियों के चेहरों पर भी नकल के दौरान किसी प्रकार का भय नहीं दिखा।
बता दें कि नकल कराने वाले गाइडों, किताबों के जरिए परीक्षार्थियों तक नकल पहुंचाते रहे। इधर, सचल दल ने तीन परीक्षार्थी गांधी फैजे आम इंटर कालेज असालतगंज और दो नकलची त्रिलोकी नाथ गुप्ता स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैनपुर में पकड़े। डीआईओएस ने कहा परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन परीक्षा कराने की जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक की है। नकल कराने में संलिप्त केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी। ड्यूटी से नदारद रहने वाले कक्ष निरीक्षकों का चिंह्ति कर कार्रवाई की जाएगी।