भरथना। थाना क्षेत्र के नगला दलू के समीप बंबा की पुलिया पर गुरुवार देर शाम एक युवक सड़क किनारे खून से लथपथ पड़ा मिला। परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के गांव नगला राधे (बनामई) निवासी रंजीत (34) गुरुवार शाम करीब सात बजे नगला दलू के समीप बंबा की पुलिया पर ग्रामीणों को खून से लथपथ मिला। रंजीत के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। परिजनों ने बताया कि रंजीत भरथना बाजार से देर शाम गांव वापस जा रहा था, तभी गांव से कुछ ही दूरी पर गांव के ही कुछ लोगों ने पीट कर घायल कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि फायरिंग की आवाज भी सुनाई पड़ी थी। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. सौरभ गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में गन शॉट की बात सामने नहीं आई है। सिर में किसी धारदार चीज से हमला लगने की बात सामने आ रही है। वहीं हाथ, पैरों में भी चोट लगी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि घटना मारपीट की है। फायरिंग नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आरोपियों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।