हुमायूंबाग निवासी मुशीर खान ने चमनगंज थाने में हिस्ट्रीशीटर समेत सात लोगों पर रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि धमकी दी है कि मकान के साथ अपनी जिंदगी से हाथ धो बैठोगे। आप बाहरी आदमी हो मेरे बारे में आसपास के थानों में पता कर लेना। मकान पर कब्जा चाहिए तो 20 लाख रुपये रंगदारी देनी पड़ेगी।
दर्ज रिपोर्ट में बताया कि कन्नौज का पुस्तैनी मकान बेेचकर चमनगंज में अगस्त 2024 में किशवर जहां से मकान खरीदा था। मकान के ऊपरी हिस्से में किराएदार मो. हनीफ को किश्वर जहां ने कोर्ट से खाली कराने का आदेश दिया। हनीफ मकान खाली कर चला गया। आरोप है कि इसी बीच खुद को अधिवक्ता बताने वाले शकील कुरैशी ने एक महिला को मकान में ठहरा दिया। महिला से किराया भी खुद लेने लगा। आरोप है कि शकील और उसके भाइयों आफताब कुरैशी, महताब, रहीस व साथी मो. हनीफ, साफहायी, मेराज घोसी ने सितंबर में कहा कि मकान पर कब्जा चाहिए तो 20 लाख रुपये देने पड़ेंगे। आरोपी मकान उपहार में मिलने का दावा करने लगे। फिर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। ज्यादा दबाव डालने पर 25 हजार रुपये जबरन ले लिए। आरोप है कि वह लोग संगठित गिरोह बनाकर मकान व जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा करके समझौते के नाम पर धन अर्जित करते हैं।
आरोप है कि आफताब और महताब आलम पर चमनगंज, बेकनगंज, बजरिया थाने में 25 मुकदमे दर्ज हैं। रहीस पर 14 मुकदमे हैं। चमनगंज इंस्पेक्टर संजय राय के अनुसार तहरीर पर शकील कुरैशी, आफताब, महताब, रहीस, मो हनीफ, साफहायी, मेराज घोसी पर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।