फर्रूखाबाद जिले के राजेपुर कस्बे में आरआरसी सेंटर निर्माण का विरोध कर रहे किसान ने जहरीला पदार्थ खा कर जान देने का प्रयास किया। तहसीलदार ने अपनी गाड़ी से उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। सीएमओ ने हॉस्पिटल पहुंच कर जानकारी ली है।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के गांव कमलुद्दीनपुर निवासी रामनारायण पांडे गांव में बन रहे कूड़ा निस्तारण केंद्र का विरोध कर रहे थे। इस पर ग्राम प्रधान ऋतु पाठक ने तहसील दिवस में इस्तीफा देने की धमकी दी थी। डीएम डॉ. वीके सिंह के निर्देश पर बुधवार को तहसीलदार कर्मवीर सिंह कानूनगो और लेखपाल के साथ काम शुरू कराने के लिए पहुंचे।
ग्रामीण ने फिर विरोध किया। इसके बाद काम न रुकने पर राम नारायण पांडेय ने जहरीला पदार्थ खा लिया। तहसीलदार राम नारायण को लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। सीएमओ डॉक्टर अवनींद्र कुमार ने पहुंच कर जानकारी की। वहीं, किसान यूनियन के ब्लॉक सचिव के जहर खाने की जानकारी होने पर किसान नेता मौके पर पहुंचे। इस दौरान किसान नेताओं की तहसीलदार से नोकझोंक हो गई।