कौशलेंद्र राजपूत ब्लॉक प्रमुख बिधूना
- फोटो : अमर उजाला
औरैया के नौसारा गांव में बृहस्पतिवार की रात नाबालिग छात्रा को उसके घर से उठाकर ले जाने की घटना को 36 घंटे बीत गए हैं, पुलिस आरोपी ब्लॉक प्रमुख को गिरफ्तार नहीं कर सकी है और न ही अगवा छात्रा मिल पाई है। बेला थाने की पुलिस कई संभावित ठिकानों पर दबिश देकर बैरंग लौट आई है।
छात्रा के घर के बाहर एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। नौसारा गांव में भाजपा समर्थित बिधूना ब्लॉक प्रमुख कौशलेंद्र राजपूत ने पड़ोस के घर में धावा बोलकर घर वालों के साथ मारपीट की और नाबालिग छात्रा को उठा ले गया।
इस मामले में लड़की के पिता ने ब्लॉक प्रमुख कौशलेंद्र राजपूत, उसके पिता अरविंद के अलावा रोहिताश, धर्मेंद्र व राजकमल के खिलाफ मारपीट, लूटपाट, और अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ब्लॉक प्रमुख समेत कोई भी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। बेला थाना प्रभारी कृष्ण नारायन यादव ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख का मोबाइल नंबर स्विच्ड ऑफ जा रहा है। मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया गया है।
टीम गठित कर कई जगह दबिश दी गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली है। आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। उधर, इस मामले में एसपी सुनीति का कहना है कि सबसे बड़ी चुनौती छात्रा को बरामद करने की है। इसके लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। उम्मीद है जल्द छात्रा को बरामद कर आरोपी ब्लॉक प्रमुख को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।