फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: नोटिस से चरखारी विधायक की बढ़ेंगी मुश्किलें, अभी भी नरम नहीं हुए बृजभूषण के तेवर; सपा में जाने की चर्चा

Sat, 07 Feb 2026 03:23 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, महोबा

सार

यूपी में जलशक्ति मंत्री और विधायक के बीच हुई झड़प के बाद चरखारी विधायक की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विधायक को नोटिस दिया है। वहीं, विधायक के तेवर नरम नहीं हुए हैं। वहीं, चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के पार्टी बदलने की चर्चाएं भी जोरों पर हैं।
विज्ञापन
BJP Notice to Charkhari MLA - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के 30 जनवरी को महोबा भ्रमण के दौरान काफिला रोकने वाले चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। लगातार कार्यक्रमों में बयानबाजी और सोशल मीडिया में पोस्ट करने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विधायक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब न देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है।
विज्ञापन


जलशक्ति मंत्री और विधायक के बीच हुई झड़प के बाद मामला प्रदेश स्तर पर पहुंच गया। विधायक के लगातार विवादित बयान सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने विधायक बृजभूषण राजपूत को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस अब उनकी मुश्किलें बढ़ा सकता है। 

इस तरह का नोटिस मिलने की संभावना लगातार व्यक्त की जा रही थी। विधायक के पिता और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने उन्हें कार्रवाई से बचाने के लिए सोशल मीडिया का काफी उपयोग किया। 
विज्ञापन


दो दिन पहले उन्होंने एक पोस्ट लिखकर विधायक बेटे के लिए महादेव से सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की और लिखा कि कोई भी खुद को पार्टी से ऊपर न समझे। हालांकि, इस पोस्ट को उन्होंने कुछ देर बाद ही डिलीट कर दिया था।
 

बृहस्पतिवार को उन्होंने अपने विधायक बेटे को निर्दोष बताते हुए लिखा था कि यूजीसी और शंकराचार्य मुद्दे पर पार्टी के कई नेताओं ने विचार रखे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पूर्व सांसद के ये सभी प्रयास विफल साबित हुए और शुक्रवार को प्रदेश नेतृत्व में विधायक को नोटिस भेज दिया। 

 

भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा व क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने चरखारी विधायक को नोटिस जारी होने संबंधी जानकारी न होने की बात कही है और प्रदेश स्तर का मामला बताया। मामले में पक्ष जानने के लिए चरखारी विधायक से कई बार फोन कर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
 

क्या मुझे बुंदेलखंड के सातों जिलों का दौरा करना चाहिए...
प्रदेश सरकार के कद्दावर मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोकने वाले चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के तेवर अभी भी नरम नहीं हुए हैं। शुक्रवार को उन्होंने फेसबुक पर बुंदेलखंड के सात जिलों के दौरे पर जाने संबंधी पोस्ट डालकर राजनीतिक हल्कों में नई बहस छेड़ दी है तो वहीं कार्यकर्ताओं के बीच फेसबुक पर अभी भी यह मुद्दा गर्म बना हुआ है।

 

चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह से शहर की सड़कों में विवाद होने के बाद से सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट ज्यादा वायरल हो रही हैं। लगातार चल रही गहमागहमी के बीच बृहस्पतिवार को उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा कि क्या मुझे बुंदेलखंड के सातों जिलों का दौरा करना चाहिए...कौन-कौन मेरे साथ चलेगा, नाम-नंबर लिखिए। उनकी इस पोस्ट के बाद कई लोगों ने कमेंट करके अलग-अलग स्थानों पर स्वागत आदि के लिए तैयार होने की बात कही।
 

एक यूजर ने लिखा कि बुंदेलखंड के यूपी के ही नहीं बल्कि एमपी के जिलों का भी उन्हें दौरा करना चाहिए। एक अन्य यूजर ने लिखा कि विधायक के पद पर रहते हुए अन्य जिलों का दौरा करने की आवश्यकता नहीं है। आप एक अलग राजनैतिक पार्टी और संगठन बनाएं और बुंदेलखंड का दौरा करें। 
 

एक यूजर ने सलाह दी कि विधायक पहले अपना किला मजबूत करें, फिर राजसूय यज्ञ पर निकलें। इस कमेंट के जवाब में कार्यकर्ताओं के बीच काफी गहमा-गहमी हुई। विधायक के एक समर्थक ने धमकी भरे अंदाज में इस यूजर को विधायक की हवेली में आकर मजबूती देखने के लिए कहा। इस तरह से सोशल मीडिया पर लगातार आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है।

विधायक के सपा में जाने की चर्चा
जलशक्ति मंत्री को रोकने के बाद जरूरत पड़ने पर किसी को भी रोकने वाले बयान, भाजपा में आने से पहले झांसी में मंत्री प्रदीप जैन को बंधक बनाए जाने वाले बयान और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री को भी रोकने संबंधी बयानों से खलबली मचाने वाले चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के पार्टी बदलने की चर्चाएं भी जोरों पर हैं।

काफी समय से उनके बगावती तेवर से इन कयासों को बल मिल रहा है और चर्चा है कि वे समाजवादी पार्टी का दामन थाम सकते हैं। चरखारी विधानसभा क्षेत्र लोधी बाहुल्य माना जाता है। इस बार के लोकसभा चुनाव में हमीरपुर-महोबा लोकसभा क्षेत्र में अजेंद्र सिंह लोधी भी सपा से सांसद चुने गए हैं। सपा को क्षेत्र में लोधी वोट ज्यादा मिलने की चर्चाएं हैं। ऐसे में उनके सपा में जाने की चर्चाएं हैं। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

विज्ञापन

यह था मामला
30 जनवरी को महोबा में भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह आपस में भिड़ गए। मंत्री एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। तभी विधायक ने 100 ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर उनका रास्ता रोक लिया। 30 कार और 20 बाइकें मंत्री के काफिले के सामने खड़ी कर दी थी। चरखारी विधायक ने मंत्री से अपनी विधानसभा के 100 गांवों में पानी न पहुंचने व पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होने पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद से विधायक लगातार बयान दे रहे हैं। जिसे पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें