उन्नाव जिले की बांगरमऊ विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के प्रकरण में सह आरोपी के बेटे ने जांच में पक्षपात करने का आरोप लगाया है। अब कोर्ट के आदेश पर उम्र प्रमाणपत्र फर्जी होने का मुकदमा दर्ज कराया गया तो पुलिस विवेचना में सुस्ती बरत रही है।
भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर प्रकरण में सह महिला आरोपी शशि सिंह के बेटे ने गुरुवार शाम को मीडिया से बात करते हुए बताया कि प्रकरण की जांच में उनके पक्ष और सबूतों की अनदेखी की जा रही है।
पीड़िता की उम्र प्रमाणित करन के लिए लगाए गए शैक्षिक प्रमाणपत्र फर्जी हैं। इसमें पहली मार्कशीट रायबरेली जिले के प्राथमिक स्कूल से बनी है। जिसमें 5 जुलाई 1998 जन्मतिथि दिखाई गई है। दूसरी मार्कशीट भी रायबरेली जिले दूसरे स्कूल की है। उसमें जन्मतिथि 15 जनवरी 2002 व तीसरी मार्कशीट मांखी के कालेज की है जिसमें 22 अप्रैल 2002 जन्मतिथि लिखी है। तीनों ही प्रमाण पत्रों को स्कूल प्रबंधक व बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने फर्जी बताया है। मार्कशीट संबंधी कागजात सीबीआई को जांच के दौरान दिए गए थे लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया।