जनसभा को संबोधित करतीं केंद्रीय मंत्री उमा भारती
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के हमीरपुर में भाजपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के समर्थन में नगर के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि एक हजार वर्ष तक हिंदुस्तानियों को कुचला गया। हमारे आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमें हिंदुस्तानी होने का गौरव लौटाया। कहा कि देश में विकास की लहर चल रही है, जिसे अब रुकने नहीं देना है।
उन्होंने कहा कि स्वामी ब्रह्मानंद जी की प्रेरणा पर वह राजनीति में आईं। स्वामी जी ने समाज हित में अपने घर परिवार का हित नहीं देखा। उन्हीं के आदर्शों पर पीएम मोदी व सीएम योगी चल रहे हैं। उमा भारती ने कहा कि एक समय हमारा देश दुनिया के सबसे भ्रष्ट देशों में गिना जाता था। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ पता ही नहीं रहता था। पीएम मोदी कहते हैं मुझे सब पता है। न खाऊंगा और न ही किसी को खाने दूंगा।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि मोदी शंख हैं तो राहुल ढपोल शंख
भाजपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह चंदेल को अपना छोटा भाई बताते हुए उन्होंने जिताने की अपील की। कहा कि सरकार द्वारा जितनी योजनाएं शुरू की गईं हैं वह समय से पूरी होंगी। कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे आदि योजनाएं यदि समय से पूरी नहीं होती तो वह अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ जाएंगीं।
इस मौके पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि मोदी शंख हैं तो राहुल ढपोल शंख। पांच साल में किसी भी आतंकी ने देश की सीमा में घुसने की हिम्मत नहीं जुटा पाई है।
टोकाटाकी होते देख केंद्रीय मंत्री उमा भारती भड़क गईं
जनसभा के दौरान ड्यूटी पर लगे पुलिस कर्मियों द्वारा आम जनता सहित मीडिया कर्मियों से टोकाटाकी होते देख केंद्रीय मंत्री उमा भारती भड़क गईं। उन्होंने दरोगा को डपटते हुए अलग खड़े होने को कहा।
बीते लोकसभा चुनाव के दौरान तीन वर्ष में पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण का वादा याद दिलाने पर केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि इस मुद्दे पर बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा ने बोलने से मना किया है। राठ से रेलवे लाइन की बात पर कहा कि विभिन्न प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। सरकार बनने के बाद यहां की रेलवे लाइन पर भी काम शुरू कर दिया जाएगा।