बिकरू कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे से जुड़ी पांच संपत्तियों को जिला प्रशासन ने बुधवार को सीज कर दिया, जबकि उसकी पत्नी ऋचा दुबे के नाम शास्त्रीनगर की एक संपत्ति को इसलिए छोड़ दिया है, क्योंकि ऋचा दुबे ने काफी पहले उसे दूसरे को बेच दिया था। अब प्रशासन ने ऋचा दुबे का मकान खरीदने वाले को नोटिस जारी कर यह पूछा है कि यह मकान उसने कब और कैसे खरीदा।
साथ ही विकास दुबे से जुड़ी और क्या जानकारियां उसके पास है, यह भी बताने को कहा गया। मौके पर पहुंची टीम ने मकान के खरीददार से काफी देर तक पूछताछ भी की। शास्त्री नगर के इस मकान को ऋचा दुबे की तरफ से 2010 में खरीदा गया था। इसके बाद 2012 में इसे बेच दिया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के निर्देश में चली यह कार्रवाई सबसे पहले शास्त्री नगर में की गई।