बिकरू कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे की काली कमाई की देखरेख करने वाले जय बाजपेई की दो कारें अब आयकर विभाग की बेनामी विंग के निशाने पर हैं। जय ने दोस्तों के नाम पर फॉर्च्युनर और ऑडी खरीदीं थीं।
बिकरू कांड के आरोपी विकास दुबे के खजांची गैंगस्टर जय बाजपेई और उसके भाइयों पर आयकर विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जांच में पता चला है कि जय बाजपेई के पास दो लग्जरी वाहन फॉर्च्युनर और ऑडी है। दोनों गाड़ियां काली कमाई से खरीदी गई हैं। इन्हें भी बेनामी संपत्ति में शामिल कर लिया गया है।
विज्ञापन
जय बाजपेई विकास दुबे का खजांची था। उसकी काली कमाई जय ही खपाता था। सूत्रों के मुताबिक जय और इसके भाइयों ने कारोबारी मित्रों के नाम दुकानें, प्लाट और जमीनें खरीदी हैं। इसी तरह दो लग्जरी वाहन भी कारोबारी मित्रों के नाम खरीदे हैं।
हालांकि यह खुलासा हो चुका है कि इनकी खरीद में बेनामी रकम का इस्तेमाल किया गया है। जिन लोगों के नाम वाहन खरीदे गए हैं, उनको नोटिस भेजकर जल्द पूछताछ की जा सकती है। यह भी पता चला है कि इन वाहनों का उपयोग राजनीतिक दल से जुड़े लोग करते थे। ये लोग भी जांच के दायरे में आ सकते हैं।