मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में शादी करने आया दूल्हा बिना फेरे लिए ही भाग गया। दुल्हन की मां के अनुसार, दूल्हा पानी पीने का बोलकर गया और उसके बाद लौटा ही नहीं।
कन्नौज जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत ब्लॉक सदर क्षेत्र के गांव शरीफापुर स्थित एक गेस्ट हाउस में मैनपुरी का दूल्हा बिना फेरे लिए ही भाग गया। उसकी शादी ब्लॉक गुगरापुर क्षेत्र के एक गांव की युवती के साथ तय है।
विज्ञापन
युवती की मां ने विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत को शिकायती पत्र देकर दहेज में बाइक मांगने का आरोप लगाया है। उधर, जिला समाज कल्याण अधिकारी अंजनी कुमार ने बताया कि लड़के का मन शादी का नहीं था, इसलिए पानी पीने के बहाने निकल गया। अगर दहेज का मामला है तो पीड़ित कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराएं।
बता दें कि जनपद में चार स्थानों पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 273 शादियां हुईं। इसमें 259 जोड़ों ने सात फेरे लिए तो 14 ने निकाह कुबूल किया। पंजीकरण के बाद भी 16 जोड़े इसमें शामिल नहीं हुए। जिला समाज कल्याण अधिकारी अंजनी कुमार ने बताया कि 14 मुस्लिम जोड़ों ने निकाह किया। अनुसूचित जाति के 173, सामान्य के 11 और पिछड़ा वर्ग से 75 शादियां हुईं।