राजपुर। थाना क्षेत्र के कमलपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के कान के बाले नोच लिए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तब तक बदमाश भाग गए। पुलिस ने हुलिए के आधार और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर बदमाशों की तलाश शुरू की।
कमलपुर गांव निवासी किसान बुद्धराम की पत्नी कमला देवी बीमार रहती है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर वह पुखरायां सीएचसी से दवा लेकर घर लौट रही थीं। जल्लापुर गांव किनारे ऑटो से उतरकर मुगल मार्ग से पैदल गांव लौट रही थी। तभी बाइक सवार दो युवक वहां आए उन्होंने गांव तक छोड़ने की बात कहकर उसे को बाइक में बैठा लिया। थोड़ी दूर चलने पर गांव किनारे ईंट-भट्ठे के नजदीक दोनों युवकों ने उसे बाइक से नीचे उतार दिया।
इसी दौरान बदमाशों ने कान के बाले नोच लिए। शोर मचाने पर बदमाश बाइक लेकर मुगल रोड की ओर भाग गए। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग महिला से बात कर घटनाक्रम को जाना। इसके बाद परिजन महिला का इलाज कराने निजी अस्पताल ले गए। शाम को पीड़िता ने थाना पहुंचकर तहरीर दी। राजपुर थानाध्यक्ष संजेश कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।