कानपुर देहात। बजट मिलने के बाद भी अब तक 180 लोगों की क्रोमियम जांच नहीं आ सकी है। क्रोमियम प्रभावित क्षेत्र रनियां के कुछ वार्ड में जून से जुलाई माह के बीच 180 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए डॉ. राममनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट भेजे गए थे। शुरुआत में बजट न होने पर इनकी जांच रिपोर्ट नहीं बन सकी। इधर, पिछले माह 10 लाख रुपये का बजट भी मिल गया। इसके बाद भी विभाग जांच नहीं मंगवा सका।
नगर पंचायत रनियां के खानचंद्रपुर में 1700 की आबादी है। खानचंद्रपुर के तीन मजरे पालपुरवा, यादवपुरवा, चौहानपुरवा है। वर्ष 2019 में नगर पंचायत में खानचंद्रपुर में शामिल हुआ था। इसके बावजूद भी तीनों मजरों में नालियां नहीं बनी है। चौहानपुरवा की स्थिति सबसे अधिक खराब है। वहां पर नालियां नहीं बनी है। घरों से निकलने वाला पानी कच्ची सड़कों में बह रहा है। इससे लोगों को निकलने में परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि चौहानपुरवा में घरों का पानी को एक गड्ढे में भरने से मच्छर पनपने लगते है। इससे बीमारी फैलने का भय बना हुआ है। वहीं, दो-दो माह बीत जाने के बाद सफाई कर्मी सड़कों की सफाई करने नहीं आते है। गंदगी की वजह से बढ़े मच्छरों के प्रकोप से लोग खांसी, जुकाम, खुजली आदि की समस्या से परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या क्रोमियम के प्रभाव से है या फिर गांव में फैली गंदगी से, इसको लेकर ग्रामीणों को जानकारी नहीं दी गई है।
........................
खानचंद्रपुर के चौहानपुरवा में नगर पंचायत में नालियां नहीं है। घरों का पानी सड़कों पर बह रहा है। जगह-जगह कीचड़ है। लोगों को निकलने में परेशानी हो रही है। गंदगी के वजह से लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। - मुकेश कुमार
........................
चौहानपुरवा में सफाई कर्मी नहीं आते है। सड़कों में गंदगी फैली रहती है। इससे दुर्गंध उठी है। हवा चलने पर कूड़ा घरों के सामने फैल जाता है। गांव के लोग बीमार पड़ते हैं। उनकी वजह क्रोमियम है या गांव में फैली गंदगी यह ग्रामीणों को बताया ही नहीं जाता। - पुष्पेंद्र कुमार
...................
बयान.....
नगर पंचायत में निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं। खानचंद्रपुर में सड़कों के निर्माण के साथ नालियां भी बनवाई जाएंगी। यदि वहां गंदगी है तो रोस्टर के हिसाब से सफाई कर्मी लगाकर सफाई करवाई जाएगी। - मनीष राय, ईओ रनियां
...................
प्रभावित क्षेत्र में अभी तक जिन लोगों में क्रोमियम की मात्रा तय मानक से अधिक मिली है। उनमें क्रोमियम से होने वाले प्रभाव के लक्षण नहीं मिले हैं। लोगों में मौसम में बदलाव व गंदगी की वजह से खांसी, जुकाम होने की संभावना है। गांव में स्वास्थ्य टीम की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की निगरानी की जा रही है। वहीं, मई, जून, जुलाई माह में भेजे गए 180 सैंपल की रिपोर्ट के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट से पत्राचार किया गया है। दो से तीन दिन में रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है। - डॉ. आशीष वाजपेयी, नोडल अधिकारी