सिकंदरा। थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव के पास इटावा-कानपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।
औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के महतेपुर निवासी रामबहादुर (45) पुत्र सोनेलाल बाइक से कानपुर की ओर जा रहे थे। महमूदपुर गांव के पास पीछे से आए वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पर परिजनों को अवगत करा दिया गया है। शव को मर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।