शादी में तंदूर लगाने शमसाबाद जा रहे तीन बाइक सवार शुकरुल्लापुर ओवरब्रिज से नीचे जा गिरे। गंभीर रूप से घायल बाइक सवारों को लोहिया अस्पताल लाया गया। इसमें एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि हालत गंभीर होने पर दो को रेफर कर दिया गया। परिजनों में चीख-पुकार मची है। युवक आपस में दो परिवार के भाई बताए जा रहे हैं।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला बगिया निवासी विशाल बाबू (28), अपने ताऊ के बेटे सचिन कुमार (23) और बुढ़नामऊ के सोवित कुमार (26) के साथ शमसाबाद में एक शादी में तंदूर लगाने जा रहे थे। तीनों बाइक से जब शुकरुल्लापुर ओवरब्रिज पर पहुंचे तो बाइक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने विशाल बाबू को मृत घोषित कर दिया। जबकि हालत गंभीर होने पर सचिन और सोवित को रेफर कर दिया। बाइक चला रहे सोवित हेलमेट नहीं लगाए था। विशाल के बड़े भाई कौशलेंद्र उर्फ विमल ने बताया कि वह दूसरे नंबर का था। छोटे भाई शिवम व आर्यन हैं। बहन दुर्गा, संगीता व शिवानी की शादी हो चुकी है। तीनों शमसाबाद स्थित एक शादी में तंदूर लगाने जा रहे थे। पिता की कई साल पहले मृत्यु होने के बाद मां सावित्री ने मेहनत करके बच्चों को पाला था। परिवार के लोगों में चीख-पुकार मची रही।
ओवरब्रिज की मोड़ व सुरक्षा घेरा न होने से हो रहे हादसे
शुकरुल्लापुर ओवरब्रिज पर बेतरतीब मोड़ और सुरक्षा घेरा न होने से हादसे बढ़ रहे हैं। पिछले छह माह में यह तीसरी दुर्घटना है। पहले ही दो बार बाइक सवार नीचे गिर चुके हैं। इनमें एक की मौत भी हो चुकी है।