उत्तर प्रदेश के बिजनौर में मिला कोरोना पॉजिटिव जमाती, हरदोई के पिहानी कस्बे में रुका था। बिजनौर में सोमवार को जमाती के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने और यात्रा इतिहास में हरदोई का उल्लेख होने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए।
सोमवार देर रात से शुरू हुई कवायद के दौरान पुलिस और प्रशासन ने पिहानी कस्बे के छह लोगों को पूछताछ के बाद जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक पुलिस और प्रशासन की गोपनीय जांच में यह पता चला है कि बिजनौर में पॉजिटिव पाया गया युवक पिहानी में रुका था। एसडीएम एपी श्रीवास्तव और सीओ नागेश मिश्रा की मौजूदगी में कस्बे की चिन्हित की गई मस्जिदों को सैनिटाइज भी किया गया।
सोमवार को बिजनौर में दिल्ली मरकज से 13 मार्च को निकले जमाती के 15 मार्च से 28 मार्च के बीच हरदोई में रहने और उसके बाद वापस लौट जाने की जानकारी सामने आई थी। सोमवार को ही उक्त जमाती की कोरोना रिपोर्ट बिजनौर में पॉजिटिव आई थी।
बिजनौर के प्रशासनिक अफसरों को कोरोना से संक्रमित पाए गए युवक ने अपना यात्रा इतिहास बताते हुए हरदोई में रुकने की बात कही थी। देर रात ही स्थानीय पुलिस इस पर सक्रिय हो गई। देर रात पता चला कि उक्त युवक पिहानी की कुछ मस्जिदों में रुका था। इसके बाद पिहानी कोतवाली पुलिस ने छह लोगों को चिन्हित कर उन्हें जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया।
जिला अस्पताल में इन सभी के नमूने भी लेकर जांच के लिए लखनऊ मेडिकल कालेज भेजे गए हैं। कोतवाल एसपी शुक्ला ने बताया कि पिहानी के मोहल्ला लोहानी निवासी युवक पूर्व में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। उसके संपर्क में आए अधिकांश लोगों के कोरोना टेस्ट करा लिए गए हैं, जो निगेटिव हैं। बिजनौर निवासी युवक के संपर्क में भी आने वाले लोग अधिकांश उन्हीं में से हैं जो छह लोग और चिन्हित हुए थे, उनकी जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
सात चिकित्सकों समेत 41 के नमूने जांच को भेजे
मंगलवार को जनपद से कोरोना की जांच के लिए कुल 41 नमूने लखनऊ मेडिकल कालेज भेजे गए हैं। इनमें से पिहानी के छह लोगों के अलावा अस्पताल के सात चिकित्सक व कई पैरामेडिकल स्टाफ शामिल है। इन सभी की जांच रिपोर्ट गुरुवार को आना संभावित हैं।
31 की रिपोर्ट आई निगेटिव
जिला अस्पताल से लखनऊ मेडिकल कालेज जांच के लिए भेजे गए 31 और सैंपलों की रिपोर्ट आ गई है। यह सभी निगेटिव पाए गए हैं। इनमें रविवार को अतरौली थाना क्षेत्र से लाई गई एक युवती की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। रिपोर्ट आने के बाद युवती को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से छुट्टी दे दी गई।