उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 35 से ज्यादा घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना औरास थाना क्षेत्र में मिर्जापुर अजिगांव के पास शुक्रवार तड़के हुई है। दरअसल, दिल्ली के आंनद विहार से वॉल्वो बस बिहार जा रही थी। जैसे ही बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र में मिर्जापुर अजिगांव के पास पहुंची बेकाबू होकर गहरे गड्ढे में पलट गई।
तादात से अधिक लगभग 85 सवारियां होने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बिहार के मुजफ्फरपुर जिला के थाना पारू के मगरिया आंचल निवासी राहुल (24) पुत्र रामबहादुर कुशवाहा की मौके पर मौत हो गई, जबकि 35 यात्री घायल हो गए।
एसडीएम हसनगंज व एसओ औरास राजबहादुर ने पुलिस व यूपीडा कर्मियों की मदद से बस में फंसे लोगों को बाहर निकलवा सीएचसी भिजवाया। जहां से 13 लोगों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।
अन्य का इलाज चल रहा है। क्रेन की मदद से बस को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। एसओ ने चालक को झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई है।