भरथना। भगवान भोलेनाथ की बरात कस्बे में शुक्रवार को बैंड-बाजा व ढोल नगाड़ों के साथ धूमधाम से निकाली गई। शंकर बरात का कस्बावासियों ने जगह जगह पुष्प वर्षा व पूजा अर्चना कर स्वागत किया। शंकर बरात ब्लॉक परिसर में मां दुर्गा मंदिर में पूजा अर्चना के बाद धूमधाम से निकली। मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिओम यादव ने भगवान भोलेनाथ की आरती उतारकर बरात को रवाना किया।
भोलेबाबा की बरात में भगवान गणेश, ब्रह्मा, विष्णु, मां दुर्गा, बजरंगबली सहित कई अन्य भगवानों की झांकियां शामिल रहीं। वहीं काली मंडल एटा के कलाकारों ने भूत प्रेत का स्वरूप धारण कर रोमांचकारी करतबों का प्रदर्शन किया। राधा-कृष्ण की प्रस्तुतियां भी लोगों में आकर्षण का केंद्र रहीं। बरात को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और शिव बरात पर पुष्पवर्षा व पूजा अर्चना कर स्वागत किया। बरात मोहल्ला राजागंज, मोतीगंज, आजाद रोड, गिरधारीपुरा, मंडी रोड होती हुई बालूगंज, जवाहर रोड आदि से होकर देर रात विराम स्थल पर पहुचीं। शंकर बरात में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज यादव, कमेटी संरक्षक सत्यप्रकाश यादव, रोहित यादव, पूर्व प्रधान विनोद यादव, सुनील यादव, विपिन यादव, केके यादव आदि शामिल रहे।