कानपुर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश की ओर से दो दिवसीय मंडलीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन ग्रीनपार्क स्टेडियम में किया गया। शनिवार को अंतिम दिन फाइनल मुकाबले खेले गए। इसमें अंडर-9 बालिका वर्ग में भव्या मीणा ने मिष्ठी तिवारी को हराकर खिताब जीता। वहीं बालक वर्ग में तृणय गोयल विजेता रहे।
अंडर-11 में भव्या वाजपेयी, अंडर-13 में देवर्षिका शुक्ला, अंडर-15 में आराध्या सिंह और अंडर-17 में कावी शाह विजेता रहीं। बालक वर्ग में अंडर-11 में शुभ तिवारी, अंडर-13 में दुर्वांक, अंडर-15 में विहान और अंडर-17 में आशुतोष गुप्ता ने खिताब जीते। अंडर-19 में दक्ष खंडेलवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।
सभी विजेताओं को पदक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव पाठक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मौके पर कानपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव संजय टंडन, खेल निदेशालय के उपक्रीड़ा अधिकारी अमित पाल, कोच अभिसारिका यादव, अनिल वर्मा, सीता वर्मा, अजय सिंह, मयंक, हर्ष समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।