कानपुर। आरटीई के तहत पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए इस बार बड़ी पहल की जा रही है। पहली बार निजी विद्यालयों को पूरे 12 महीने की फीस प्रतिपूर्ति एक साथ दी जाएगी। बीएसए कार्यालय ने इसकी तैयारी तेज कर दी है और 20 मार्च तक धनराशि भेजने का लक्ष्य तय किया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले के 7072 निजी विद्यालयों में अध्ययनरत 20,118 विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।
बीएसए सुरजीत कुमार सिंह ने बताया कि शासन से प्राप्त धनराशि को चरणबद्ध तरीके से ट्रांसफर किया जाएगा। सोमवार से प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और प्रयास रहेगा कि 20 मार्च तक सभी भुगतान पूरे कर दिए जाएं, ताकि 31 मार्च से पहले विद्यालयों और लाभार्थियों के खातों में राशि पहुंच सके। आरटीई के तहत प्रत्येक विद्यार्थी के लिए 450 रुपये प्रति माह के हिसाब से 12 माह की फीस प्रतिपूर्ति दी जाएगी। इसके अलावा कॉपी-किताब और अन्य शैक्षणिक सामग्री के लिए प्रति वर्ष पांच हजार रुपये की सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे पहले बजट की कमी के कारण विद्यालयों को केवल 10 या 11 माह की ही राशि मिल पाती थी।