परिषदीय विद्यालय में बार-बालाओं से डांस करवाने का मामला
- फोटो : अमर उजाला
क्योटरा बांगर के प्राथमिक विद्यालय में बार-बालाओं के फूहड़ नृत्य के मामले में थानाध्यक्ष ने प्रधानाध्यापक से तहरीर मांगी थी। आरोपियों में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के पति के शामिल होने पर तहरीर नहीं दी गई। इस पर एसआई ने तहरीर दी। तब रिपोर्ट दर्ज हो सकी। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है।
शिक्षा के मंदिर में बार बालाओं का फूहड़ नृत्य करवाए जाने वीडियो रविवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें बार बालाओं के साथ नौजवान तो छोड़िए बच्चे भी फिल्मी गीतों पर थिरकते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने इस पर रोष जाहिर कर कार्रवाई की मांग की। मामले में पुलिस क्योटरा बांगर में जांच करने पहुंची थी। जांच में दोषी निकले आयोजक गजराज सिंह, प्रधान पति राहुल, कोटेदार पति जगत सिंह व नरेश सिंह के दोषी मिलने पर थानाध्यक्ष कालीचरन कुशवाहा ने प्रधानाध्यापक शशिबाला से तहरीर मांगी। मगर उन्होंने रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई। इसके चलते बाद में एसआई बंदूलाल ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
बीएसए अजय कुमार मिश्र ने बताया कि प्रधानाध्यापक शशिबाला का मामले में रिपोर्ट दर्ज न करवाना खेद जनक है। उनका कृत्य पदीय दायित्वों, विभागीय निर्देशों की अवहेलना करने के साथ कर्मचारी आचरण के विपरीत है। इसके चलते उनको निलंबित कर सहबापुर प्राथमिक विद्यालय में संबद्ध किया गया है। मामले की जांच सरवनखेड़ा बीईओ अजीत प्रताप सिंह को सौंपी गई है।
बीईओ व विद्यालय प्रबंध समिति को भी कारण बताओ नोटिस
क्योटरा बांगर के प्राथमिक विद्यालय में अश्लील नृत्य को लेकर जिम्मेदार भी अनदेखी करते रहे। मामले के तूल पकड़ने पर बीएसए ने बीईओ व विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बीएसए अजय कुमार मिश्र ने बताया कि विद्यालय में घटित घटना को लेकर अमरौधा ब्लॉक के बीईओ ईश्वरकांत मिश्र की ओर से भी कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई है। वहीं विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष रेखा देवी उसी गांव में निवास करती हैं। इसके बाद भी उनकी ओर से विद्यालय में बार बालाओं का नृत्य न होने के संबंध में कोई प्रयास किया गया और न ही इसकी जानकारी, प्रधानाध्यापक, बीईओ व उनको दी गई। बीईओ व प्रबंध समिति को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है।