कानपुर। बैंकों में सोमवार से तीन दिवसीय प्रस्तावित हड़ताल और छुट्टियों के दृष्टिगत ग्राहकों की बैंकिंग आवश्यकताओं को देखते हुए 27 सितंबर (रविवार) को बैंक खुलेंगे। हड़ताल और छुट्टियों के कारण (26 सितंबर से दो अक्तूबर के बीच ) सात दिनों में केवल दो दिन ही बैंक पूरी तरह खुल सकेंगे।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के संयोजक रजनीश गुप्ता ने बताया कि बैंक्स यूनियन की ओर से रविवार क्लीयरिंग समेत सभी कामकाज होंगे। पीएनबी स्टाफ एसोसिएशन के चेयरमैन अनिल सोनकर और मंत्री पंधारी लाल वर्मा ने बताया कि ग्राहकों को सभी काउंटर सेवाएं दी जाएंगी। यूनाइटेड फोरम के सह संयोजक प्रवीण मिश्रा और अंकुर द्विवेदी ने बताया कि बैंक कर्मचारी और अधिकारी मांगों के समर्थन में रविवार शाम पांच बजे से बैंककर्मी जुलूस निकालेंगे।
जुलूस इंडियन बैंक, बड़ा चौराहा से शुरू होकर एलआईसी ऑफिस, फूलबाग तक निकाला जाएगा। प्रस्तावित बैंक हड़ताल की तैयारियों और रणनीति को लेकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, प्रशासनिक कार्यालय, माल रोड में यूएफबीयू के प्रमुख घटक एनसीबीई की बैठक हुई। एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन के उपमहामंत्री जेपी मिश्रा ने बताया कि बैंक कर्मी पांच दिवसीय बैंकिंग, पुरानी पेंशन योजना समेत अपनी जायज मांगों के लिए हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर हो रहे हैं। इस मौके पर अरविंद शुक्ला, सचिन अग्रवाल, बृजेंद्र पांडेय, महेंद्र सिंह, राजेश श्रीवास्तव, विपिन राव, तुषार मुखर्जी, पुष्कर मिश्रा, चंद्रेश सोनकर, नितिन त्रिवेदी, रेखा सिंह आदि मौजूद रहे।