कलेक्ट्रेट में प्यासे रहे फरियादी, आरओ मशीन ने दिया जवाब
एक ओर जहां प्रशासन लोगों से गर्मी में सावधानी बरतने की अपील कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कलेक्ट्रेट परिसर में ही सरकारी दावे दम तोड़ते नजर आए। जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर फरियादियों की प्यास बुझाने के लिए लगाई गई आरओ मशीन मंगलवार को दगा दे गई। भीषण गर्मी में दूर-दराज से आए लोग जब पानी पीने पहुंचे, तो मशीन के नल से बमुश्किल एक कुल्ला पानी ही निकला। प्रशासन की नाक के नीचे पेयजल की इस बदहाली ने फरियादियों को बेहद निराश किया।
नौतपा आने से पहले ही खौफ में लोग
ज्योतिषीय और वैज्ञानिक दृष्टि से भीषण गर्मी का समय 'नौतपा' अभी आना बाकी है। मई के अंतिम सप्ताह में शुरू होने वाले नौतपा से पहले ही जिस तरह धरती तप रही है, उसने लोगों के मन में खौफ पैदा कर दिया है। जानकारों का कहना है कि यदि अप्रैल में ही पारा 44 डिग्री पार कर गया है, तो आने वाले दो महीनों में स्थिति और भी विकराल हो सकती है। कृषि विशेषज्ञों ने भी बढ़ती तपिश के कारण फसलों और पशुधन के प्रति चिंता व्यक्त की है।