बांदा जिले में नरैनी क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो मासूम सगे भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस ने पूर्व मंत्री के पुत्र महेंद्र पाल वर्मा और शेरा उर्फ ओमकार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की पुलिस को तलाश थी। उनकी गिरफ्तारी को मामले की जांच में अहम कार्रवाई माना जा रहा है। गौरतलब है कि 30 सितंबर को नंदवारा गांव में छह वर्षीय मनोज और चार वर्षीय युवराज लापता हो गए थे।
उसी रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों के शव दुकान के पीछे पानी भरे गड्ढे में मिले थे। पोस्टमार्टम में सिर में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई थी। पिता भइयाराम की तहरीर पर एक अक्तूबर को नौ लोगों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में भवानीदीन, अखिलेश, रामलली, लंबरी उर्फ रामप्रसाद और सुरेंद्र नेता को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।