कानपुर के बिल्हौर कस्बे में धौरसलार रेलवे स्टेशन के सामने शनिवार रात हाईवे पार करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर अंधेरा होने की वजह से कई अन्य वाहन शव के ऊपर से गुजरते रहे, जिससे मृतक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
मृतक की पहचान दादारपुर कटहा निवासी रवि गौतम (25) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रवि जयपुर में लकड़ी पॉलिश का काम करता था और अपने भतीजे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए गांव आया हुआ था। इसी वर्ष अप्रैल माह में उसकी शादी हुई थी। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल मातम में तब्दील हो गया।