बांदा जिले के अतर्रा में एसबीआई के प्राइवेट लोन कर्मी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर जांच की। हमीरपुर जिले के मौदहा तहसील के परिछठ गांव निवासी अमित (27) अतर्रा के बदौसा रोड पर किराये के मकान में रह रहा था। वह गंगेही रोड पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मेन ब्रांच में क्रेडिट कार्ड लोन में प्राइवेट तौर पर काम करता था।
मंगलवार की सुबह उसका शव कमरे के अंदर पंखे के हुक से रस्सी से लटका मिला। सुबह देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर उन्होंने अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस को जानकारी दी। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा व अविवाहित था। एसबीआई के शाखा प्रबंधक शशांक दीप खरे ने बताया कि अमित बैंक में प्राइवेट तौर पर लोन का काम करता था। कोतवाली इंस्पेक्टर पंकज सिंह ने कहा शव को कब्जे में लिया है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों को तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।