स्टेटिक मजिस्ट्रेट द्वारा एमपी सीमा पर सघन चेंकिंग के दौरान एक स्कार्पियो से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी हमीरपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने पांचों को जेल भेज कर स्कॉर्पियो को सीज कर दिया है।
उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के नरैनी में 23 फरवरी को मतदान को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। लगातार संदिग्ध वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी का अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश सीमा पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस को एक स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इसमें सवार 5 लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें पुलिस ने आरोपियों के पास से 67 किलो 400 ग्राम सूखा गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार सभी आरोपी हमीरपुर जनपद के बताए गए हैं।
विज्ञापन
स्टेटिक मजिस्ट्रेट डॉ. अभिषेक कुमार, कालिंजर थाना के एसआई समसुद्दीन और सिपाही मध्य प्रदेश के सतना सीमा पर सोमवार की शाम वाहनों की जांच कर रहे थे। तभी सतना की ओर से सफेद रंग की स्कार्पियो में संदिग्ध लोग नजर आए। पुलिस ने वाहन रोककर तलाशी ली। इसमें करीब 67.400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कालिंजर थानाध्यक्ष श्याम प्रताप पटेल ने बताया कि स्कार्पियो में गांजा लेकर आ रहे नौशाद अहमद व निजामुद्दीन (हुसैनिया, हमीरपुर), पुष्पेंद्र यादव निवासी मकरांव (मौदहा), आशिक निवासी अरतरा (मौदहा) और आमिर निवासी देवी चौराहा (मौदहा) को गिरफ्तार कर लिया। एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया। स्कार्पियो को सीज किया गया है।