स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंतरराज्यीय कबड्डी प्रतियोगिता में बनारस की टीम विजेता रही। गुरुवार को शाम आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित लीग मैच में उद्घाटन मैच बनारस और लखनऊ की टीमों के बीच हुआ। 38-41 के अंतर से बनारस टीम ने विजय हासिल की।
फाइनल मैच मेजबान बांदा और बनारस टीमों के बीच खेला गया। बनारस टीम ने बांदा को 42-48 के अंतर से पराजित कर दिया। बनारस टीम के राहुल यादव 12 और सुशील पटेल व गोलू 8-8 तथा विकास ने 6 अंक हासिल किए। बांदा टीम के दिलीप ने 3, सैकी ने 11, अभिषेक ने 5 व नंदू ने 7 अंक हासिल किए। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। मैच सब जूनियर बालक वर्ग में हुआ। बनारस, मध्य प्रदेश, लखनऊ, बांदा की टीमों ने भाग लिया। यहां अनिल शिवहरे, शिव कुमार गुप्ता, लल्लू भइया, पुरुषोत्तम परिहार, नीलेंद्र गुप्ता, विवेक नामदेव, राजेश, अरविंद, मोंटू, वासिफ जमां खां, दिनेशचंद्र खरे आदि उपस्थित रहे। निर्णायकों में रोहित व मोहित रहे। कबड्डी कोच कमल किशोर यादव थे।