कानपुर मेट्रो रूटा का काम भले ही तेजी से हो रहा हो लेकिन उसके नीचे की सड़कों का हाल बहुत खराब है। बड़े-बड़े गड्ढे, धूल उड़ाती सड़क अब जानलेवा भी हो गई है। आईआईटी मेट्रो स्टेशन के नीचे खराब सड़क पर उभरे बड़े गड्ढे में फंसकर गुरुवार को साइकिल सवार प्राइवेटकर्मी की मौत हो गई।
गड्ढे में फंसी साइकिल अनियंत्रित होकर जैसे ही गिरी तभी पीछे से आ रही बस ने साइकल सवार को कुचल दिया। हादसा भले ही बस से हुआ हो लेकिन मौत का रास्ता खराब सड़क ने ही दिखाया। नानकारी के चंदेल गेट निवासी विमल पांडेय (44) पनकी इंडस्ट्रियल एरिया की एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करते थे।
गुरुवार शाम वह ओवर टाइम ड्यूटी करने के लिए साइकिल से प्रिंटिंग प्रेस जा रहे थे। रास्ते में आईआईटी मेट्रो स्टेशन के नीचे अचानक उनकी साइकिल सड़क पर बने गड्ढे में फंस गई। इससे वह अनियंत्रित होकर जीटी रोड पर जा गिरे। इससे पहले कि वह संभल पाते, पीछे से तेज गति से आ रही रोडवेज बस उनका सिर कुचलते हुए निकल गई।
इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंच पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान वहां जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने शव को हटाकर यातायात सुचारु कराया। कल्याणपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।