यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों में कक्ष निरीक्षकों की भारी अनुपस्थिति से मंगलवार को कई केंद्रों में बाबू, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और अतिरिक्त लगाकर परीक्षा कराई गई। केंद्रों ने इसकी शिकायत डीआईओएस से की है।
डीआईओएस मुहम्मद इब्राहिम ने कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी पर लगाए जाने के बावजूद केंद्रों पर न पहुंचने वाले शिक्षकों और संबंधित कालेज के प्रिंसिपल से जवाब मांगा है।
श्री महेश मेहर प्रसाद इंटर कालेज सत्ती चौरा ने बताया कि हाईस्कूल मैथ के पेपर में 12 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी थी, लेकिन इनमें से मात्र 4 कक्ष निरीक्षक ही पहुंचे। इस कारण दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को परीक्षा कार्य में लगा कर किसी तरह परीक्षा कराई गई।
वहीं, श्री रामलला इंटर कालेज रावतपुर ने शिकायत की है कि केंद्र में 28 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी थी, लेकिन सिर्फ 7 कक्ष निरीक्षक ड्यूटी पर पहुंचे, इससे दो बाबुओं और अतिरिक्त शिक्षकों को परीक्षा कार्य में लगा कर पेपर दिलाया गया। शहीद भगत सिंह कालेज ने 06 कक्ष निरीक्षक न पहुंचने की शिकायत की।
महर्षि कन्या विद्यालय ने कक्ष निरीक्षक कम होने से 10 महिला कक्ष निरीक्षकों की मांग की है। इसी तरह जन शिक्षण कालेज प्रेमपुर, किदवई इंटर कालेज सहित 40 से अधिक कालेजों ने कक्ष निरीक्षक ड्यूटी पर न पहुंचने की लिखित शिकायत डीआईओएस को उपलब्ध कराईं है।
दो संदिग्ध शिक्षक मिले
यूपी बोर्ड हाईस्कूल मैथ के पेपर में भजनलाल स्वतंत्रता सेनानी इंटर कालेज में दो संदिग्ध शिक्षकों को पकड़ा गया। दोनों के परिचय पत्र भी संदिग्ध (विषय गलत ) पाए गए हैं। डीआईओएस ने इन्हें केंद्र से बाहर कर तीन दिन में शैक्षिक प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।
वहीं, केंद्र में अभिलेख जांचने पर 18 फरवरी को यहां हिंदी के पेपर में नकल करते धरे गए छात्र की कॉपी भी बरामद की गई। इस कॉपी को उसी दिन अलग से सील कर संकलन केंद्र के जरिए बोर्ड को भेजा जाना था।
डीआईओएस मुहम्मद इब्राहिम ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया और एफआईआर कराने के निर्देश दिए। इन केंद्रों के निरीक्षण के लिए मंगलवार को लखनऊ से संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी, बेसिक) एपी वर्मा कानपुर आईं थी।
उत्तर कॉपियां जमा करने में हो रही मनमानी
बोर्ड परीक्षा की कॉपियां साइकिलों, बाइकों से संकलन केंद्र पहुंचाई जा रही हैं। मंगलवार को जनप्रिय शिक्षा निकेतन, टिकरा के कर्मचारी बाइक से कॉपियों के दो बड़े बंडल और एक खुला पैकेट लेकर पहुंचे। जीआईसी इंटर कालेज चुन्नीगंज में एक पैकेट जमीन पर गिर गया।
कर्मचारी बाइक पर बैठा मोबाइल पर बतियाता रहा और साथी बंडल जमा करने में लगे रहे। यह भी नहीं देखा कि पैकेट गिर गया है। लोगों ने बताया तो मोबाइल पर बात बंद कर पैकेट उठाया। उधर, परीक्षा केंद्रों को ‘बी’ कॉपियां नहीं मिल पा रहीं। जीआईसी चुन्नीगंज (भंडारण) में मंगलवार को बी कॉपियां नहीं मिलीं।
डीआईओएस मुहम्मद इब्राहिम ने बताया कि कॉपियां बोर्ड से नहीं आ पा रही हैं। 60-60 हजार कॉपियों की डिमांड भेजी गई है, बुधवार को कॉपियां आने की उम्मीद है। 19 फरवरी को 50-50 हजार की डिमांड भेजी गई थी, पर बोर्ड ने हाईस्कूल में 10 हजार और इंटर में 12 हजार कॉपियां ही भेजी थीं। इससे टोटा हो गया।
आउट ऑफ कोर्स के प्रश्नों पर चकराए
कानपुर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल के मैथ के पेपर में आउट ऑफ कोर्स के कुछ सवालों ने परीक्षार्थियों के पसीने छुड़ा दिएा क्रेडिट-डेबिट और सांख्यिकीय के प्रश्न कठिन रहे। हालांकि पेपर में पैटर्न पिछले सालों से मिलता-जुलता रहा।
कुल 70 नंबर का पेपर जनपद में सात सेटों में वितरित किया गया था। विष्णुपुरी स्थित एनएलके इंटर कालेज के मैथ के शिक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों को कुछ प्रश्न भले ही आउट आफ कोर्स लगे हों, लेकिन गणित में क्रेडिट और डेबिट से जुड़े सवाल नए नहीं हैं।
मनसुख लाल सर्वोदय इंटर कालेज कामा शिवराजपुर के गणित शिक्षक सुनील पाल ने बताया कि प्रारंभिक गणित में सांख्यिकीय से जुड़े प्रश्न परीक्षार्थियों के लिए कुछ कठिन रहे। हालांकि जिन परीक्षार्थियों ने पिछले पांच-सात साल के अनसॉल्वड पेपर अच्छी तरह से हल किए होंगे, उनके लिए पेपर सरल था।