इंजन खराब होने से झींझक स्टेशन पर खड़ी अजीमाबाद एक्सप्रेस। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
झींझक। दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर अजीमाबाद एक्सप्रेस के इंजन में खराबी आने से ट्रेन को 50 मिनट तक झींझक स्टेशन पर रोका गया। खामी दूर न होने पर स्टेशन पर ही खड़ी डाउन लूप लाइन की मालगाड़ी का इंजन लगाकर अजीमाबाद एक्सप्रेस को आगे रवाना किया गया। इस बीच ट्रेन में सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पटना से अहमदाबाद जा रही अप की अजीमाबाद एक्सप्रेस गुरुवार को अंबियापुर व झींझक स्टेशन के बीच पहुंची, तभी उसके इंजन में खराबी आ गई। चालक ने सूचना स्टेशन कार्यालय पर दी। इस पर ट्रेन को झींझक स्टेशन की मेन लाइन पर सुबह 10:05 बजे रोक लिया गया।
चालक व गार्ड ने इंजन की खराबी को दूर करने का प्रयास किया, लेकिन ठीक नहीं कर पाए। जिसके बाद झींझक स्टेशन की डाउन लूप लाइन पर खड़ी ईएसई मालगाड़ी के इंजन को अजीमाबाद एक्सप्रेस में लगाकर ट्रेन को 10:55 बजे आगे रवाना किया गया।
इस बीच ट्रेन में सवार यात्री परेशान रहे। स्टेशन अधीक्षक झींझक विशाल सिंह ने बताया कि इंजन में खराबी से अजीमाबाद एक्सप्रेस स्टेशन पर करीब 50 मिनट खड़ी रही। मालगाड़ी का इंजन जोड़कर उसे रवाना कर दिया गया।