कानपुर। कलक्टरगंज पुलिस ने टेबलेट और आइरिस मशीनें लेकर भागे ऑटो चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से 14 टेबलेट और आठ आइरिस मशीनें बरामद हुईं। बुधवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया।
कलक्टरगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि चकेरी निवासी सोनम लोअर पीसीएस की परीक्षा में बायोमीट्रिक जांच करने वाली कंपनी में हैं। वह मंगलवार को टेबलेट और आइरिस मशीन लेकर जा रही थीं। घंटाघर में उतरने के बाद ऑटो चालक उन्हें चकमा देकर उनका झोला लेकर फरार हो गया। उसमें 14 टेबलेट और आठ आइरिस मशीनें थी। पुलिस टीम ने 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी ऑटो चालक जाजमऊ निवासी मो. समीर और उसके साथी चमनगंज के मो. नसीम को गिरफ्तार किया। दोनों माल बेचने जा रहे थे। (संवाद)