कानपुर। चकेरी में दिव्यांग वृद्धा ने बेटे व बहू पर पीटकर पैसे मांगने का आरोप लगाया। पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के आदेश पर चकेरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सनिगवां के कांशीराम कॉलोनी निवासी चमन बानो दिव्यांग हैं। चमन बानो के मुताबिक पति की मौत के बाद से भीख मांगकर गुजर बसर कर रही हैं। आरोप है कि घर के सामने उनका टेंपो चालक बेटा रिजवान और बहू शबाना रहते हैं। बेटा अक्सर वह शराब पीकर उनसे पैसों की मांग करता है। बीती छह जनवरी की रात रिजवान नशे में आया और रुपये मांगे। मना करने पर डंडे से सिर फोड़ दिया। रिजवान ने उनका मोबाइल भी तोड़ दिया। किसी तरह घर में घुसकर दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई। दूसरे दिन बेटे-बहू ने फिर से पांच हजार रुपये मांगे।
मना करने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। थाने चौकी में सुनवाई न होने पर पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई। तब चकेरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि जांच की जा रही है।