कंचौसी क्रासिंग पर फंसा मौरंग लदा ट्रक; वंदे भारत समेत कई ट्रेनें थमीं
- फोटो : amar ujala
कंचौसी रेलवे क्रासिंग पर बुधवार की सुबह औरैया से रसूलाबाद की ओर जा रहा मौरंग लदा ट्रक रेलवे ट्रैक पर खराब हो गया। इसके चलते बनारस से दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस और टूंडला से कानपुर जाने वाली मेमू प्रभावित हुई। बुधवार सुबह 10 बजे दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग के कंचौसी रेलवे क्रासिंग पर औरैया से रसूलाबाद मौरंग लदा ट्रक कन्नौज जा रहा था।
जैसे ही ट्रक रेलवे क्रासिंग पर पहुंचा, तो अचानक खराब होकर बंद हो गया। ट्रक चालक कई बार कोशिश की पर ट्रक स्टार्ट नहीं हुआ। इसी बीच डीएफसी ट्रैक पर कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी के आने की सूचना हुई। जब गेटमैन ने रेलवे क्रासिंग बंद करने की कोशिश की, तो क्रासिंग बंद नहीं हो पाई। तब तक ट्रेन होम सिग्नल के पास आकर खड़ी हो गई। इस पर गेटमैन ने ड्यूटी पर तैनात स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार को सूचना दी।