सहायल थाना के गांव अमानपुर में बुधवार रात को दो भाइयों के बीच जमीन को लेकर हो रहे विवाद की सूचना पर पहुंची पीआरवी के सिपाही पर एक भाई ने ईंट से हमला कर सिर फोड़ दिया। साथी होमगार्ड हेलमेट लगाए होने की वजह से बाल-बाल बच गया। घायल सिपाही ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अमानपुर निवासी बृज बिहारी व उसके भाई राम मिलन के बीच बुधवार रात जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। मारपीट की नौबत आने पर परिजन ने घटना की सूचना यूपी 112 पर दी। मौके पर पहुंची पीआरवी के सिपाही धनपाल सिंह व होमगार्ड चंद्रभूषण ने आपस में झगड़ रहे भाइयों को हटाने का प्रयास किया। इस बीच मारपीट कर रहे एक भाई राम मिलन ने पीआरवी टीम पर ईंट से हमला कर दिया। सिपाही धनपाल सिंह का सिर फट गया। धनपाल सिंह ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। होमगार्ड चंद्रभूषण के सिर पर भी ईंट लगी, लेकिन वह हेलमेट लगाए होने से बच गए।
सहायल थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि सिपाही की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया की आरोपी राम मिलन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।