औरैया। 50 शय्या युक्त जिला चिकित्सालय में तैनात महिला चिकित्सक ने सीएमएस समेत चार कर्मचारियों पर अश्लील हरकत करने, गंदे मैसेज भेजने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। महिला चिकित्सक की शिकायत पर मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने सीएमएस समेत अस्पताल के चार स्टाफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में महिला चिकित्सक ने बताया कि वह अस्पताल में एक साल से तैनात है। आरोप लगाया कि अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. प्रमोद कटियार आए दिन उसके मोबाइल पर भद्दे कमेंट भेजते हैं। महिला चिकित्सक ने सीएमएस पर उसके व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो भेजने का भी आरोप लगाया है।
यही नहीं अस्पताल में तैनात सीएमएस के बहनोई चीफ फार्मासिस्ट सतपाल कटियार व क्वालिटी मैनेजर सुभाष व अखिलेश कटियार पर भी अक्सर अश्लील कमेंट करके अपमानित करने का आरोप भी लगाया है। सुभाष, अखिलेश और सतपाल ने उसे मुंह दिखाने के लायक भी न रहने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर पर सीएमएस डॉ. प्रमोद कटियार, फार्मासिस्ट सतपाल कटियार, क्वालिटी मैनेजर सुभाष व अखिलेश के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सीओ सिटी बोले
पीड़िता की तहरीर पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के अनुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
-सुरेंद्रनाथ यादव, सीओ सिटी
सीएमएस बोले
महिला चिकित्सक का चीफ फार्मासिस्ट से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसकी शिकायत लेकर वह मेरे पास आईं थी। पहले मैंने विभागीय जांच की बात कही, लेकिन महिला चिकित्सक फार्मासिस्ट पर दुर्व्यवहार की बात कह पुलिस से शिकायत करने की बात कही। इन पर मैंने स्वयं कोतवाली पुलिस को एप्लीकेशन फॉरवर्ड की थी। उन्होंने मेरा नाम भी शामिल कर दिया। मुझे चौकी प्रभारी व सीओ से इस बात की जानकारी हुई। मैंने सभी उच्चाधिकारियों को अवगत कर दिया है। पुलिस से भी निष्पक्ष जांच करने की बात कही है। जिस तरह के आरोप है ऐसे मामलों में जांच के बाद ही स्थिति साफ होती है।
- डॉ प्रमोद कटियार, सीएमएस