औरैया जिले में दिबियापुर पुलिस व स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मलकापुर गांव के खेतों में स्थित एक ट्यूबवेल पर अचानक छापेमारी कर मिनी अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। मौके से 19 बने हुए तमंचे, 12 अधबने तमंचे, भारी मात्रा में कारतूस और असलाह बनाने के आधुनिक उपकरण बरामद कर एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में पुलिस टीम जब संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग में जुटी थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दिबियापुर के नन्दपुर निवासी विनोद कुमार राजपूत (51) मलकापुर के खेतों में बने ट्यूबवेल पर अवैध तमंचे बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शाम को ट्यूबवेल की घेराबंदी कर दबिश दी। आरोपी वहां विद्युत ट्रांसफार्मर से सीधा तार (कटिया) जोड़कर वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर और ड्रिल मशीन की मदद से कट्टे तैयार कर रहा था।