औरैया जिले में ब्यूटी पार्लर के बाहर से प्रेमी के साथ गई दुल्हन के मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है। अब पुलिस युवती की तलाश में जुट गई है। देर रात परिवार की दूसरी युवती से दूल्हे की शादी कराई गई। शहर में बृहस्पतिवार को एक ऐसा मामला हुआ, जिसे सुनकर हर कोई सन्न है। एक गेस्टहाउस में दूल्हा स्टेज पर इंतजार करता रहा और दुल्हन सजने के बाद प्रेमी के साथ ब्यूटी पार्लर से चली गई।
पुलिस के अनुसार, इटावा के रहने वाले एक युवक की शादी फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से तय हुई थी। बृहस्पतिवार को शहर स्थित गेस्ट हाउस में बरात पहुंची। दुल्हन लेडीज मार्केट स्थित ब्यूटी पार्लर में सजने गई थी। अचानक ब्यूटी पार्लर के बाहर प्रेमी बाइक लेकर पहुंचा और दुल्हन बाहर निकल कर पीछे बाइक पर बैठ गई। इसके बाद प्रेमी दुल्हन को लेकर रफूचक्कर हो गया।