औरैया कोतवाली क्षेत्र के पढ़ीन गांव में कुत्तों के हमले से मोर को बचाने में किसान गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पढ़ीन गांव में मातम छाया है। परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी है।
सोमवार सुबह सात बजे पढ़ीन गांव निवासी सदन सिंह राठौर (45) खेत पर काम कर रहा था। इस बीच कुछ कुत्तों ने एक मोर पर हमला कर दिया। घायल मोर किसी तरह सदन के ट्यूबवेल के टैंक पर जा पहुंचा। सदन सिंह मोर को बचाने के लिए दौड़े।
इस बीच वह अनियंत्रित होकर टैंक और खेत की मेड़ के बीच गिर गए। उनके सिर में गंभीर चोट आ गई। सदन ने कुत्तों के हमले से मोर को तो बचा लिया, लेकिन कुछ देर बाद ही सीने और सिर में तेज दर्द होने से सदन की मौत हो गई। खेत के पास काम कर रहे अन्य किसानों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। गांव के लोगों ने बताया कि सदन पशु पक्षियों से काफी प्रेम करते थे। कोतवाली पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है।