बिधूना कोतवाली क्षेत्र के सराय प्रथम गांव के पास बिधूना-अछल्दा मार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार थार ने मोपेड सवार किसान को टक्कर मार दी। हादसे में किसान घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने किसान को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया जहां उसकी मौत हो गई।
असजना गांव निवासी चंद्रपाल (45) सराय प्रथम में सहकारी संघ की गोदाम के पास धान कुट्टी मशीन लगाकर धान कूटने का काम करते हैं। वह मशीन के इंजन के लिए मोपेड से पेट्रोल पंप पर डीजल लेने जा रहे थे। अछल्दा की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार ने मोपेड में टक्कर मार दी जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से पुलिस ने चंद्रपाल को सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया गया जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया। सैफई पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही पत्नी सीमा देवी, पुत्र सागर, सूरज और अंचल में चीख-पुकार मच गई। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि पुलिस थार की तलाश में जुटी है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।