फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Auraiya News: विपरीत दिशा में ट्रैक्टर चलाने से गईं तीन जानें

Thu, 21 May 2026 12:07 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, औरैया
विज्ञापन
विज्ञापन
अछल्दा। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात कंटेनर की टक्कर से ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई थी। जांच में सामने आया है कि विपरीत दिशा में ट्रैक्टर को ले जाने के कारण यह हादसा हुआ। दामाद की गमी में जा रहे परिवार को छोटी सी लापरवाही की कीमत तीन जानें देकर चुकानी पड़ी। वहीं 12 लोग घायल हैं।
विज्ञापन


उधर, बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन सुषमा देवी का शव गांव चंद्रपुरा लेकर पहुंचे तो चीखें गूंज उठीं। दो दिनों के भीतर एक ही घर से उठीं तीन अर्थियों के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।

हादसे में गंभीर रूप से घायल मृतका सुषमा देवी के पति सुंदरलाल का सैफई में इलाज चल रहा था। स्वास्थ्य में सुधार और पत्नी की मौत के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मंगलवार को जिस खेत पर रामशंकर और उर्मिला देवी का अंतिम संस्कार किया गया था, बुधवार को नम आंखों के बीच उसी जगह पर सुषमा देवी का शव ले जाया गया।
विज्ञापन


अस्पताल से सीधे पहुंचे बिलखते पति सुंदरलाल ने पत्नी को मुखाग्नि दी। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं। मौके पर थाना प्रभारी सुरेश सिंह फोर्स के साथ मौजूद रहे।

अयाना थाना क्षेत्र के गांव तिवरलालपुर निवासी दामाद साकेत की मौत की खबर पर गांव चंद्रपुरा से एक ही परिवार के 15 लोग ट्रैक्टर में सवार होकर बेटी संगीता का गम बांटने जा रहे थे। अजीतमल कोतवाली के गांव इमलिया ओवरब्रिज के पास ट्रैक्टर पलटने से संगीता के ताऊ रामशंकर और चाची उर्मिला देवी ने मौके पर और दूसरी चाची सुषमा देवी की सैफई में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मंगलवार को रामशंकर और उर्मिला देवी के शव गांव आने पर परिजन ने अंतिम संस्कार किया था।

बुधवार को सैफई में पोस्टमार्टम के बाद सुषमा देवी का शव गांव पहुंचा। बाद में उनका नम आंखों से अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि हाईवे पर विपरीत दिशा में चलने से ट्रैक्टर ट्रॉली हादसे का शिकार हो गई थी। कोतवाल ललितेश नारायन ने बताया कि परिजन अंतिम संस्कार में लगे थे। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें